प्रेमी को मुंह काला कर घुमाने का मामलाः गांव पहुंची पुलिस ने की छानबीन, ग्राम प्रधान के पति समेत 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट
दुनका (बरेली)। शाही थाने के एक गांव में प्रेमिका से बात कर रहे एक युवक को मुंह काला कर गले में चप्पलों की माला डालकर घुमाने के मामले में पुलिस हरकत में आ गई है। बुधवार को गांव पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पंचायत लगाकर युवक को मुंह काला कर गांव में घुमाने का फरमान सुनाने वाले पंच पुलिस के सक्रिय होने के बाद खुद को फंसता देख अंडरग्राउंड हो गए हैं। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने प्रधान के पति समेत 13 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
एक गांव में मंगलवार दोपहर पंचायत ने एक युवक गले में जूतों की माला पहनाकर उसका मुंह काला करने के बाद उसे गांव में घुमाया था। इस दौरान युवक को गांव में जगह - जगह चप्पलों से पीटा भी गया था। घटना के बाद से युवक और उसका परिवार सदमे में है। घटना सुर्खियों में आई तो पुलिस महकमे में खलबली मची। बुधवार दोपहर दुनका चौकी इंचार्ज प्रदीप राघव पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे तथा ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। पुलिस छानबीन में घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस पीड़ित के यहां पहुंची और उससे भी घटना के बारे में जानकारी ली।
पीड़ित युवक ने बताया वह इंटर का छात्र है। गांव की ही हाईस्कूल में पढ़ने वाली एक छात्रा से उसकी पढ़ाई - लिखाई को लेकर बात होती रहती है। युवक ने पुलिस को बताया है कि वह शनिवार को लड़की से बात कर रहा था। तभी कुछ लोगों ने उन्हें देखकर हंगामा कर दिया। युवक ने बताया कि मंगलवार को प्रधान के पति ने उसे व उसके पिता को अपनी बैठक पर बुलाया। जब वह पहुंचा तो वहां प्रधान के पति, पूर्व प्रधान, लड़की के पिता और दादी समेत कई अन्य लोग पहले से मौजूद थे। उसने बुलाने की वजह पूछी तो लड़की से बात करने की एवज में उसे पूरी पंचायत ने मुंह काला करके जूतों की माला गले में डालकर गांव में घुमाने की सजा सुना दी। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर उसका मुंह काला कर दिया और गले में जूतों की माला डालकर पीटते हुए उसे पूरे गांव में घुमाया गया। युवक का कहना है कि उसने सफाई देने की कोशिश की लेकिन किसी ने उसकी एक बात नहीं सुनी। पीड़ित ने गांव के ही 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को चौकी इंचार्ज को तहरीर दी है। उसने बताया कि इस घटना से वह और उसका परिवार काफी शर्मिंदगी झेल रहा है। वहीं, पुलिस प्रधान व आरोपियों के घर गई तो वह फरार हो गए।
पंचायत में युवक के साथ जो अभद्रता की गई है, उस मामले में पीड़ित युवक की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी