आरोपी की मानसिक स्थिति का पता चला तो छात्रा ने मांगी माफी
विज्ञापन
पीलीभीत बाईपास का मामला, वीडियो हुआ वायरल
बरेली। मानसिक मंदित ने राह चलते नर्सिंग छात्रा का हाथ पकड़ लिया। छात्रा ने शोर मचाकर राहगीरों की मदद से उसे पकड़ लिया और पिटाई कर बारादरी पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में युवक के मानसिक मंदित होने की बात सामने आई तो छात्रा ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफी मांगी। मगर, इस बीच किसी ने मानसिक मंदित की पिटाई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
पीलीभीत निवासी छात्रा यहां रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। बृहस्पतिवार दोपहर बीसलपुर चौराहे से गुजरते समय एक युवक ने उसका हाथ पकड़ लिया और पेन मांगा। इस पर छात्रा ने लोगों की मदद से युवक को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। सड़क पर युवक की पिटाई होते देख वहां पर लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
बारादरी इंस्पेक्टर नीरज मलिक ने बताया कि युवक पीलीभीत के कस्बा पूरनपुर का निवासी है। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। परिवार वालों से संपर्क किया तो पता चला कि वह काफी समय से घर से लापता है और इधर-उधर भटकता रहता है। पारिवारिक स्थिति भी अच्छी नहीं है। नर्सिंग छात्रा के सामने भी उससे पूछताछ की गई। इस पर छात्रा ने उससे मारपीट को अनजाने में हुई गलती मानते हुए लिखित रूप से माफी मांग ली है।
मांगता रहा माफी, नहीं पसीजे लोग
वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवक पैर छूने की बात कहकर युवती से माफी मांग रहा है लेकिन छात्रा उसे लगातार पीटती रही। वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़ रखा था। एक अन्य महिला ने भी उसकी पिटाई की।