घंटों गायब रहने वाले चिकित्सकों को सीएमएस ने दी चेतावनी
बरेली। ओपीडी से अक्सर गायब रहने वाले चिकित्सकों को सीएमएस ने कार्रवाई की चेतावनी दी तो वह बृहस्पतिवार को समय से अपने कक्ष में बैठे। लगातार पहुंच रहे मरीजों को इंतजार नहीं करना पड़ा। लिहाजा, सुबह 11 बजे तक मरीजों की तादाद सिमट चुकी थी। सीएमएस ने सख्त लहजे में चिकित्सकों को दायित्व निर्वहन के निर्देश दिए हैं।
चिकित्सकों के ओपीडी से गायब रहने की वजह से जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ दोपहर तीन बजे तक लगी रहती है। अमर उजाला ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की तो अफसर सकते में आए। उन्होंने गायब रहने वाले चिकित्सकों को कार्यालय में तलब किया और सख्त लहजे में उन्हें चेतावनी दी। साथ ही, भविष्य में समय से चिकित्सकों को न बैठने की जानकारी मिलने पर शासन स्तर से कार्रवाई के लिए लिखने का अल्टीमेट दिया। बृहस्पतिवार को ओपीडी के सभी कक्ष खुले। चिकित्सक सुबह से ही अपने कक्ष में बैठे। काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को सात सौ पर्चे बने थे। जो करीब चार घंटे में सिमट गई।
‘चिकित्सकों को समय से कक्ष में पहुंचने और मरीजों की जांच, परामर्श देने का निर्देश दिया गया है। अगर भविष्य में कोई चिकित्सक बगैर सूचना के गायब रहा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।’ - डॉ. सुबोध शर्मा, सीएमएस