बरेली। छह वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (आयुष्मान भारत योजना) के लिए पत्र जारी होने के बावजूद फरीदपुर के एक परिवार ने कार्ड बनवाने के लिए पंजीकरण नहीं कराया। अब पथरी की सर्जरी के लिए अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि पिछले वर्ष कार्ड निरस्त कर दिया गया।
जिला अस्पताल स्थित आयुष्मान केंद्र पर मंगलवार को फरीदपुर निवासी लाभार्थी रहे व्यक्ति के परिजन आयुष्मान कार्ड बनाने पहुंचे।
जांच में कार्ड निरस्त किए जाने की जानकारी मिलने पर उन्होंने समन्वयक अनुराग मिश्रा को सरकार से जारी पत्र दिखाया। इस पर परिवार के सात लोगों के नाम दर्ज थे। हालांकि, इनमें से एक ने भी आयुष्मान कार्ड के लिए न पंजीकरण कराया था और न ही कार्ड लिया।
करीब छह साल तक इंतजार के बावजूद जब कार्ड बनवाने कोई नहीं गया तो शासन स्तर से ही डिफाल्टर दर्ज कर चयनित सूची से बाहर कर दिया गया। लिहाजा, अब कार्ड बनाया जाना मुमकिन नहीं।
बताया कि जिले में 14.70 लाख लाभार्थी हैं। इनमें से करीब 12 लाख के ही कार्ड बने हैं। अपील है कि अगर किसी व्यक्ति का नाम लाभार्थी सूची में है तो वे पंजीकरण कराकर कार्ड बनवा लें। अन्यथा सूची से बाहर होने के जिम्मेदार वे खुद होंगे। ब्यूरो