सीबीगंज। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित वाडीलाल इंडस्ट्रीज के ठेकेदार के मुंशी ने एक श्रमिक को ड्यूटी पर लेने से मना कर दिया तो उस पर लाठी से हमला किया गया। घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने दो लोगों के विरुद्ध तहरीर दी है।
रोड नंबर दो पर स्थित वाडीलाल इंडस्ट्रीज में ठेकेदारी करने वाले अभिजीत त्रिपाठी ने इंस्पेक्टर प्रदीप चतुर्वेदी को बताया कि उनका लेबर सप्लाई का ठेका है। उनकी सनराइज इंटरप्राइजेज नाम की फर्म फैक्टरी में रजिस्टर्ड हैं। श्रमिकों को ड्यूटी पर लगाने का काम फतेहगंज पश्चिमी निवासी मुंशी भानु प्रकाश मिश्रा देखते हैं। शनिवार सुबह सात बजे मुंशी फैक्टरी गेट पर मजदूरों की ड्यूटी लगा रहे थे। इसी दौरान तिलियापुर के तस्लीम खां को ड्यूटी पर लेने से यह कहकर मना कर दिया कि वह बहुत दिन बाद ड्यूटी पर आए हैं। पहले उन लोगों को ड्यूटी पर लिया जाएगा जो लगातार ड्यूटी कर रहे हैं।
तस्लीम उस वक्त वहां से चला गया और कुछ देर बाद अपने एक अन्य साथी के साथ लाठी लेकर आ गया। दोनों ने मुंशी पर लाठी से हमला कर दिया। कई प्रहार किए, जिससे मुंशी घायल हो गया। पीड़ित ने इस मामले में तस्लीम व उसके एक अन्य साथी जो कि फैक्टरी के चालक मुशाहिद का बेटा है के खिलाफ तहरीर दी है। सीबीगंज थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फैक्टरी प्रबंधन ने मांगी सुरक्षा
वाडीलाल फैक्टरी के एचआर मैनेजर दिनेश सिंह ने थाना प्रभारी को दिए पत्र में पुलिस सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया कि सुबह सात से आठ बजे व शाम को छह बजे श्रमिक फैक्टरी के अंदर जाते हैं। उस समय फैक्टरी के गेट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।