डीएम, सीएमओ सहित कई अफसरों के साथ बनाई प्लानिंग
बरेली। सुभाषनगर में कोरोना संक्रमित युवक मिलने के बाद कमिश्नर ने हाईअलर्ट जारी करते हुए कहा है कि घरों से कोई बाहर न निकले। संक्रमित युवक कब और किससे मिला.. इसकी भी जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने पुलिस-प्रशासन को लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
सुभाषनगर में कोरोना का केस मिलने के बाद कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने सोमवार को आयुक्त सभागार में डीएम नितीश कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ मंडल स्तरीय आउट ब्रेक रिस्पांस कमेटी की बैठक की। उन्होंने कहा कि संक्रमित युवक किससे मिला और कहां-कहां मिला.. सूची बनाते हुए उनकी जांच करायी जाए। सीएमओ को निर्देश दिए कि जो भी कोरोना पॉजिटिव को आइसोलेशन वार्ड में रखा जाए। उनका पूर्ण रुप से इलाज कराया जाए, ताकि केस न बिगड़े। बाहर से आने वाले लोगों को क्वारंटीन रखकर सूची बनाई जाए। जहां संक्रमित मरीज रखे जाएं, वहां पर बैरीकेडिंग कराकर भीड़भाड़ को रोका जाए। कमिश्नर ने एसएसपी से कहा कि लॉकडाउन को सख्ती से लागू करें। जो व्यक्ति बिना किसी काम से रोड पर घूमता मिले या वाहन चलाते मिले, ऐसे वाहनों का चालान व व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर एडी हेल्थ, अपर आयुक्त प्रशासन, आईटीबीपी, एयर फोर्स, सेना सहित कई विभागों के अफसर मौजूद रहे।
24 घंटे खुुला रहता है कंट्रोल
कमिश्नर ने प्राइवेट अस्पतालों के संचालकों को निर्देश दिए कि इमरजेंसी सेवा चालू रखें। सीएमओ को 24 घंटे कंट्रोल रूम खोलने के आदेश दिए। सीएमओ ने बताया कि कंट्रोल रुम नंबर 0581-2553311 है, जो 24 घंटे खुला रहता है।
मंडल में तीन जगहों पर बनाया जा रहा सैनिटाइजर
कमिश्नर ने कहा कि मंडल मे तीन चार जगहों पर सैनिटाइजर बन रहा है। जिसको जरूरत हो वह जिला उद्योग केंद्र के जीएम डीआईसी से संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि मास्क और सैनिटाइजर पर्याप्त मात्रा में बाजार में उपलब्ध रहना चाहिए।