एक हजार क्विंटल गेहूं गायब ( सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : amar ujala
एसएफसी (आवश्यक वस्तु निगम) के क्रय केंद्र खानपुर ग्रंट से करीब एक हजार क्विंटल गेहूं की सप्लाई एफसीआई को नहीं की गई है और क्रय केंद्र पर भी यह गेहूं नहीं है। मामले की जानकारी अधिकारियों को हुई तो अफरातफरी मच गई। जिला प्रबंधक चौधरी मंसूर अहमद ने केंद्र प्रभारी आदिश शर्मा से जवाब तलब किया है।
गेहूं क्रय केंद्रों पर गड़बड़ियों के मामले सामने आने लगे हैं। एसएफसी के खानपुर ग्रंट स्थित क्रय केंद्र पर 3305 क्विंटल गेहूं खरीदा गया। इसमें से करीब एक हजार क्विंटल गेहूं की डिलीवरी एफसीआई को होनी बाकी है। क्रय केंद्र बंद हो चुका है और यहां पर गेहूं भी नहीं बचा है। ऐसे में सवाल है कि आखिर एक हजार क्विंटल गेहूं गया कहां।
केंद्र प्रभारी आदिश शर्मा ने बताया कि बनतारा भेजे गए गेहूं को एफसीआई ने रिजेक्ट कर दिया था, जिसके बाद गेहूं को कहां रखा गया, इसकी जानकारी नहीं हैं। सूत्र बताते हैं कि हैंडलिंग ठेकेदार ने रिजेक्ट बताए जा रहे गेहूं को कहीं और बेच दिया है, जिसकी जानकारी केंद्र प्रभारी को भी है। अब मामले को दबाने के प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र प्रभारी ने बताया है कि गेहूं गायब नहीं हुआ है। अभी 390 क्विंटल गेहूं की डिलीवरी बाकी रह गई है।
केंद्र प्रभारी से जवाब मांगा है और अवशेष गेहूं की आपूर्ति शीघ्र कराने के निर्देश दिए हैं। केंद्र प्रभारी ने शाहजहांपुर से चार-पांच गाड़ी गेहूं रिजेक्ट किए जाने की सूचना दी है, जिसकी जांच कराई जा रही है- चौधरी मंसूर अहमद, जिला प्रबंधक, एसएफसी।