नवाबगंज। गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाना न होने के कारण खरीद धीमी है। दो दिन में केवल 1,000 क्विंटल गेहूं की खरीद की जा सकी है।
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अरविंद सिंह राठी ने बताया कि बारदाना न मिलने के कारण गेहूं की तौल समय से शुरू नहीं हो सकी। क्षेत्र के राशन कोटेदारों से बारदाना लिया गया है। कोटेदारों ने 26 रुपये प्रति बोरी की मांग की है। बरेली-पीलीभीत हाईवे पर गांव रिछोला किफायतुल्ला के पास कृषि उप मंडी स्थल में 12 क्रय केंद्र खोले गए हैं। अब इनमें गेहूं की तौल शुरू हो गई है।
साथ ही उन्होंने बताया कि गेहूं की तौल के लिए किसान के पास फार्मर आईडी होनी चाहिए। जिन किसानों की फार्मर आईडी नहीं होगी, उनके गेहूं की तौल नहीं की जाएगी। इस बाबत एसडीएम उदित पंवार ने केंद्र प्रभारियों को गेहूं की तौल में तेजी लगाने का निर्देश दिया है। खरीद कम होने पर प्रभारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
खेत में गेंहू की फसल पोर्टल पर खीरा और टमाटर
गांव ज्योरा मकरंदपुर के किसान सतनाम सिंह ने बताया कि उन्होंने गेहूं की फसल का सर्वे राजस्व विभाग से कराया था, लेकिन जब तौल के लिए पहुंचे तो पोर्टल पर उनकी फसल को खीरा और टमाटर दिखाई दी। इससे गेहूं की तौल में दिक्कत हो रही है। जानकारी मिलने पर हल्का लेखपाल ने मामले की जांच शुरू की है। संवाद
फोटो 2 नवाबगंज में कृषि उप मंडी स्थल पर गेहू की खरीद करते कर्मी