आंवला। आठ दिन से लापता मजदूर का शव शनिवार को जंगल में शीशम के पेड़ पर फंदे के सहारे लटका मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, आंवला-बदायूं रोड पर पनवड़िया क्षेत्र के खेतों में गेहूं की फसल की कटाई कर रहे ग्रामीणों ने दुर्गंध आने पर पनवड़िया क्षेत्र के खेतों के पास जंगल में शव देखा। घटनास्थल पर शराब के पौवे और नमकीन के खाली पैकेट भी मिले हैं। सूचना पर मौके पर गई पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। शव की शिनाख्त बदायूं के सिकरोडी निवासी सत्यवीर (22) के रूप में हुई है।
परिजनों बताया कि वे लोग वीहट गांव स्थित ईंट भट्ठे पर ईंट पथाई करते हैं। भट्ठे के पास ही रहते हैं। सत्यवीर तीन मार्च को 500 रुपये लेकर इन्वर्टर ठीक कराने घर से निकले थे। घर न लौटने पर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। ईंट भट्ठा ठेकेदार नजर हसन ने बताया कि 27 मार्च को सत्यवीर की शादी बड़े भाई की विधवा से हुई थी। वह पत्नी और बड़े भाई के तीन बच्चों के साथ ईंट भट्ठा पर ही रहते थे।
इंस्पेक्टर बीनू चौधरी ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी गई है। प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू कलह के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है।