हॉटस्पॉट बानखाना में इन दिनों लोगों की आवाजाही बंद चल रही है।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
अब एजाज नगर गौंटिया बनेगा नया हॉटस्पॉट, आवाजाही रोकी
बरेली। कोरोना संक्रमण के केस लगातार मिलने के बाद शहर में हॉटस्पॉट की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शहर के करीब एक तिहाई हिस्से में हॉटस्पॉट बन चुके हैं। एजाज नगर गौंटिया को कोरोना संक्रमित केस मिलने के बाद नया हॉटस्पॉट बनाया जाना है। वहां देर शाम जानकारी मिलने के बाद बारादरी पुलिस ने लोगों की आवाजाही रोकने की कवायद शुरू कर दी। मंगलवार सुबह बांस बल्लियां लगाकर सख्ती कर दी जाएगी।
जिले में सोमवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव मिलने की पुष्टि हुई। इनमें से एक बारादरी इलाके के घनी आबादी वाले क्षेत्र एजाज नगर गौंटिया का निवासी है। देर शाम इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी शैलेश पांडेय ने बारादरी इंस्पेक्टर नरेश त्यागी को इलाके में आवाजाही बंद करने के निर्देश दिए। त्यागी ने पुलिस टीम के साथ मौके पर जाकर लोगों को समझाया कि संबंधित घर की ओर ज्यादा आवागमन न करें। स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां जांच और लोगों को क्वारंटीन करने पहुंची तो पुलिस ने उसका भी सहयोग किया। त्यागी ने बताया कि करीब 250 मीटर के दायरे को सील किया जाएगा। वहीं, रविवार शाम आई रिपोर्ट के बाद किला थाने के साहूकारा को हॉटस्पॉट बनाया गया था। वहां सोमवार को किला इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने गलियों में प्वाइंट बनाकर 250 मीटर इलाके को सील करा दिया। इससे पहले कोतवाली का बिहारीपुर और प्रेमनगर का बानखाना भी पॉजिटिव केस मिलने के बाद हॉटस्पॉट घोषित कर दिए गए हैं। इन इलाकों में सामान्य गतिविधियां रोक दी गई हैं। सोमवार दोपहर बानखाना में गलियां सूनी पड़ी थीं। शाम को ईद भी यहां फीकी रही।