निमोनिया की चपेट में मिले छह बच्चे, वार्ड में भर्ती
ठंड अब बच्चों की सेहत पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को इलाज के लिए जिला अस्पताल आए करीब डेढ़ सौ बच्चों में नौ की हालत गंभीर रही। तीन तेज बुखार और छह निमोनिया पीड़ित मिले। उन्हें भारती कर इलाज शुरू कर दिया गया है। हालत स्थिर है।
जिला अस्पताल की एडीएसआईसी डॉ. अलका शर्मा के मुताबिक बीते चार दिनों में तापमान में आए उतार-चढ़ाव से जिनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम है या जो एलर्जी से पीड़ित हैं, उनकी सेहत बिगड़ी। ज्यादातर बच्चे बीमार हो रहे हैं। मंगलवार को ओपीडी में सामान्य दिनों से 15 फीसदी ज्यादा बच्चे इलाज के लिए पहुंचे।
कुछ बच्चों में निमोनिया की पुष्टि हुई। उन्हें वैक्सीन नहीं लगी थी। बच्चों के परिजन से विशेष ख्याल रखने की अपील की जा रही है। सुबह-शाम बच्चों को घर से बाहर न जाने दें। तबीयत बिगड़े तो इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। देरी भारी पड़ सकती है।