बरेली में दो दिनों से हो रही बारिश से चार माह बाद नमी का स्तर सौ फीसदी जा पहुंचा। बृहस्पतिवार सुबह तीन घंटे तक बारिश का दौर जारी रहा। बीते 24 घंटे में 31 मिमी बारिश दर्ज हुई। शुक्रवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। इधर, मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है।
बृहस्पतिवार सुबह छह बजे से घुमड़ रहे काले घने बादल आठ बजे बरस पड़े। सुबह 11 बजे तक रिमझिम, मध्यम और तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा। इससे हवा में नमी का स्तर सौ फीसदी तक जा पहुंचा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक इस वर्ष फरवरी में सौ फीसदी नमी दर्ज हुई थी।
मार्च में नमी का औसत 50 से 80 के बीच, अप्रैल में 40 से 60 के बीच, मई में 17 से 35 और जून की 22 तारीख तक 17 से 30 फीसदी के बीच रहा। मानसून हावी होने के साथ हवा में नमी का स्तर बढ़ता गया और बृहस्पतिवार को यह सौ फीसदी जा पहुंचा।