सुबह सात बजे छा गया अंधेरा
- फोटो : अमर उजाला
तराई में मौसम ने फिर करवट ली है। पीलीभीत में बुधवार देर शाम तेज हवा, बारिश और ओले गिरने के बाद सुबह सात बजे शहर में अंधेरा छा गया। वाहन चालक वाहनों की हेडलाइट जलाकर चलते दिखे। मौसम का सुहावना देख पार्क और खेल मैदानों में लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि सुबह करीब 7:40 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई।
पीलीभीत में बारिश से लोगों को जहां गर्मी से मिली है, वहीं नाले उफनाने से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। जिले में आंधी के बाद ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। गेहूं की जो फसल कटने को खड़ी थी, वह खेतों में गिर गई। तेज हवा और बारिश से लोगों को बिजली कटौती की समस्या से भी जूझना पड़ा।
शाहजहांपुर में हुई बारिश
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर में बुधवार रात आंधी के बाद बृहस्पतिवार सुबह करीब साढ़े सात बजे ओले गिरने शुरू हो गए। दस मिनट तक ओले गिरने के बाद बारिश शुरू हो गई। सुबह आठ बजे तक तेज बारिश होती रही। फिर रिमझिम बारिश होती रही।
फसलों को नुकसान होने की संभावना
- फोटो : अमर उजाला
मौसम में बदलाव से तापमान में गिरावट आई है। ओले गिरने और तेज हवा से किसानों के चेहरे पर चिंता की लकीरें हैं। गेहूं की फसल पकी और काटने को तैयार खड़ी है। ओले गिरने से नुकसान हो सकता है। फिलहाल बादल छाए हुए हैं। तेज हवा चल रही है।
बरेली में रात में चली आंधी
- फोटो : अमर उजाला
बरेली जिले के कुछ स्थानों पर बुधवार रात बूंदाबांदी हुई। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, पहाड़ों पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के साथ हवा बादलों को लेकर शहर में प्रवेश कर रही है। अगले तीन दिन रिमझिम का अनुमान जताया गया है।
बरेली में रात में चली आंधी
- फोटो : अमर उजाला
आंधी के कारण बुधवार रात बरेली के कई इलाकों में बिजली संकट पैदा हो गया। लोगों को तीन से चार घंटे तक कटौती का सामना करना पड़ा। मिशन उपकेंद्र के किला फीडर पर रात 12 बजे तक आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी। सबसे ज्यादा समस्या मिशन, किला, हरूनगला, सुभाषनगर इलाकों में रही। इज्जतनगर, मढ़ीनाथ, कुतुबखाना इलाकों में भी हवा सामान्य होने के बाद भी लोगों को तीन से चार घंटे तक कटौती का सामना करना पड़ा।