बरेली। करीब सप्ताह भर से बूंदाबांदी तक सिमटे बादलों ने बुधवार को दिन भर हल्की, तेज बारिश की। तापमान में गिरावट और हल्के बादल छाए रहने से मौसम खुशगवार हो गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिन अनुकूल माहौल बनने पर बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पिछले करीब सप्ताह भर से बादल मंडरा रहे थे, लेकिन उच्च वायुदाब क्षेत्र होने से बारिश के अनुकूल माहौल नहीं बन रहा था। बुधवार भोर में ही बादल घिरने लगे और बूंदाबांदी हुई। सुबह 11 बजे के बाद शहर में खंडवर्षा का सिलसिला शुरू हुआ। सिविल लाइंस की ओर तेज बारिश हुई जबकि डेलापीर पर बूंदाबांदी रही। यही स्थिति अन्य इलाकों में रही। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 32 डिग्री और न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।