दिन भर ठिठुरते हुए सूरज की राह तकते रहे शहरवासी
बरेली। तीन दिन पहले चटख धूप से मिली राहत के बाद फिर दो दिनों से शहर घने कोहरे की चपेट में है। मौसम विभाग ने तीन दिनों तक शहर में कड़ाके की ठंड पड़ने और अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम होने की बात कह रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर से तीन दिन बाद बारिश होगी। इसके बाद धूप खिलेगी, लेकिन शीतलहर कहर बरपाएगी।
बुधवार की दोपहर करीब दो घंटे के लिए खिली धूप से मिली हल्की राहत के बाद गुरुवार को भी धूप की उम्मीद लगाए लोग निराश रहे। सुबह से शाम तक शहर पर कोहरे की चादर बिछी रही। दिन भर लोग घरों में और बाहर सर्द मौमस के सितम से बचने की कोशिश करते रहे। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि शहर में पिछले दिनों बादल मंडरा रहे थे, लेकिन फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ बनने से हल्के बादल छा रहे हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन बाद 29 दिसंबर की देर रात तेज हवाएं चलेंगी और पर्वतों के बादलों का जमावड़ा शहर पर लगेगा। जो निम्न वायुदाब क्षेत्र बनने से झमाझम बारिश कर सकते हैं। बारिश से धुंध और कोहरा खत्म होने से आसमान साफ होगा। धूप खिलेगी लेकिन बारिश से नमी का स्तर सौ प्रतिशत दर्ज होने से लोगों को शीतलहर कंपकंपाएगी। गुरुवार को मौसम के तल्ख तेवर से तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।