शीतलहर के चलते स्कूलों में छुट्टी के फर्जी लेटर से परेशान हुए स्कूल और अभिभावक
डीएम कार्यालय की ओर से मामले की जांच के लिए एसएसपी को भेजा गया पत्र
बरेली। शीतलहर की वजह से स्कूलों में छुट्टी के लिए डीएम के फर्जी साइन से सोशल मीडिया पर वायरल लेटर की जांच शुरू हो गई है। पुलिस अफसर यह पता लगाए रहे हैं कि बुधवार को डीएम के फर्जी साइन से लेटर किसने जारी किया था। इससे पहले भी डीएम के नाम से सोशल मीडिया पर छुट्टी को लेकर फर्जी मेसेज जारी हो चुके हैं। हालांकि डीएम के फर्जी हस्ताक्षर से लेटर जारी होेने का यह पहला मामला बताया जा रहा है। अफवाह फैलाने वाले को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार को डीएम दफ्तर की ओर से एसएसपी कार्यालय को पत्र भेजा गया है।
कड़ाके की सर्दी के चलते डीएम नितीश कुमार ने बुधवार को कक्षा एक से आठ तक के स्कूलों में 26 से 28 दिसंबर तक अवकाश घोषित किया था। इसके अलावा कक्षा नौ से 12 तक के कॉलेज सुबह 10 बजे से खोलने के निर्देश जारी किए गए थे। इसके कुछ देर बाद ही डीएम के फर्जी साइन से एक लेटर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, इसमें कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश का आदेश था। यह लेटर देख डीएम नितीश कुमार भी चौंक गए, क्योंकि उन्होंने इस तरह का कोई आदेश ही जारी नहीं किया है। इस पर पत्रांक संख्या-1713 ही दर्ज थी, जबकि डीएम ने अगर संशोधित लेटर जारी किया होता तो उसमें पत्रांक संख्या दूसरी होती। इस फर्जी मेसेज से स्कूल प्रबंधन के साथ ही हजारों बच्चों और अभिभावकों में छुट्टी को लेकर भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। इस मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख दिखाया है। डीएम की ओर एसएसपी कार्यालय को पत्र भेजकर फर्जी मेसेज वायरल करने वाले को पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।