सर्दी पूरे चरम पर और अब तक नहीं बंटे कंबल
कंबल खरीदने के लिए अब तक सैंपल टेस्टिंग का कार्य भी पूरा नहीं हो सका
बरेली। ठंड चरम पर है, लेकिन अब तक गरीबों को कंबल वितरण नहीं हो सका है। निगम अधिकारियों की लापरवाही के चलते पूरी प्रक्रिया ध्वस्त पड़ी हुई है। अधिकारी इस बात का दावा कर रहे हैं कि कंबल का सैंपल ले लिया गया है और जल्द ही इसकी टेस्टिंग कर कंबलों की खरीद शुरू कर दी जाएगी। इस बीच वे गरीब जो कंबल की आस लगाए थे, ठंड में दिक्कतें झेलने को मजबूूर हैं।
नगर निगम ने पिछले दिनों करीब 25 लाख की लागत से कंबल खरीद के लिए टेंडर जारी होने की बात कही थी। हालांकि इसे गुपचुप तरीके से जारी कर दिया गया। खुद निगम कर्मचारियों को इसकी भनक नहीं लगी। अब निगम अधिकारी कंबल के लिए सैंपल टेस्टिंग की बात कह रहे हैं। जबकि निगम सूत्रों के अनुसार कंबल के लिए अब तक टेंडर फाइनल नहीं हुआ है और ना ही सैंपल लिए गए हैं। यदि आज निगम इस प्रक्रिया में तेजी भी लाए तो अगले 15 दिनों तक कंबल की खरीद नहीं हो सकेगी। ऐसे में उन लोगों का क्या जो निगम के कंबल की आस में सड़कों पर इस ठंड में रात गुजारने को मजबूर हैं। इस संबंध में पूछे जाने पर निगम में स्वास्थ्य अधिकारी संजीव प्रधान बताते हैं कि कंबल के लिए टेंडर निकाल दिया गया है। अब सैंपल टेस्टिंग चल रही है, जल्द ही कंबलों की खरीद कर ली जाएगी।