दो दिन और ठिठुरिए... फिर खिल सकती है गुनगुनी धूप
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। तीन दिनों से सर्दी का सितम सह रहे शहरवासियों को फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पहाड़ों में हो रही बर्फबारी से आगे आने वाले दो दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। हालांकि, दो दिन बाद हल्की धूप खिलेगी, लेकिन तब भी सर्द हवाएं कंपकंपाएंगी।
पिछले दिनों धूप खिलने से राहत की सांस ले रहे लोगों को मंगलवार को दिन भर सर्द हवा ने ठिठुरन को मजबूर कर दिया। सोमवार को दिन में खिली धूप देख मंगलवार को भी सुबह हल्की धूप की उम्मीद लगाए लोगों को शीतलहर ने कंपा दिया। उम्मीद थी कि सूरज निकलेगा, लेकिन सूर्य देव बादलों के पीछे ही छिपे रहे। दोपहर 12 बजे तक गलन बढ़ने से ठिठुरन भी बढ़ गई। सड़क पर वाहनों की संख्या कम होने लगी। लोग घरों में कैद होने लगे। दोपहर तीन बजे के बाद ठंड और बढ़ गई। वरिष्ठ मौमस विज्ञानी डॉ. एचएस कुशवाहा के मुताबिक पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। जिसकी वजह से फिलहाल ठंड से अभी राहत नहीं मिलने वाली है।
आज यूं रहेगा तापमान
डॉ. कुशवाहा ने बताया कि बुधवार को अधिक तम तापमान में दो डिगी तक बढ़त तो न्यूनतम में दो डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हो सकती है। दिन भर हल्का, मध्यम कोहरा रहेगा। दोपहर दो बजे से पश्चिमी हवाएं चलने से सर्द मौसम फिर से कड़ाके की ठंड का अहसास कराएगा। इसके साथ ही दिन भर हल्के बादल भी छाए रहने की संभावना है।