बरेली। पिछले दिनों झमाझम बारिश से तरबतर होने के बाद अब शहरवासियों को करीब हफ्ते भर धूप और उमस बेहाल करेगी। मौसम विज्ञानियों ने बारिश के बाद उच्च वायु दाब क्षेत्र बनने से शहर में बादलों का जमावड़ा खत्म होने की संभावना जताई है।
शनिवार की सुबह दिन भर हल्के, मध्यम बादल छाए रहे। रह-रहकर बादलों का जमावड़ा भी लगता रहा लेकिन उच्च वायु दाब क्षेत्र बनने से बारिश नहीं हो सकी। हालांकि, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई। वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एचएस कुशवाहा ने बताया कि पिछले दिनों पश्चिम दिशा से चल रही हवाओं से पर्वतों के बादल ने जमकर बारिश की। वहीं, हवा की दिशा बदलने से बादलों का जमावड़ा भी कम हो जाएगा। दिन भर धूप और बादलों की लुकाछिपी रहेगी, बूंदाबांदी हो सकती है लेकिन झमाझम बारिश की संभावना नहीं है। मौसम से आए बदलाव से उमस लोगों को परेशान कर सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 85 से 90 प्रतिशत रहा।