बरेली। अब तक चल रही मानसूनी बारिश से किसानों के तो अच्छे दिन दिख रहे हैं। 12 जुलाई तक 263.4 मिलीमीटर तक बारिश हो चुकी है। बीते 24 घंटे में 43.9 मिलीमीटर की बारिश से न केवल मौसम खुशगवार रहा, बल्कि भीषण गर्मी से तपती धरती को भी ठंडक पहुंची। मौसम विभाग ने 18 जुलाई तक रोजाना कभी हल्की, मध्यम तो कभी तेज बारिश की भविष्यवाणी की है। अब तक यह बारिश सामान्य से अधिक चल रही है।
गुरुवार को भी देर रात तक बारिश होती रही। शुक्रवार दिन में 5.24 बजे सूर्योदय के बाद से लेकर शाम तक बादल छाए रहे। शाम को भी बारिश के आसार दिखे। अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस कम था। न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 4.0 डिग्री सेल्सियस कम था। आर्द्रता 97 प्रतिशत रहने से देर रात या सुबह तक बारिश होने की संभावना जताई जा रही थी।
लखनऊ आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ. जेपी गुप्ता ने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी यूपी के अलावा उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी मानसूनी बारिश अभी जारी रहेगी। 18 जुलाई तक रोजाना कभी कम तो कभी ज्यादा बारिश होगी। तेज हवाएं चलने से तापमान में कमी आएगी। कहीं-कहीं हल्की ठंड का भी अहसास हो सकता है। जुलाई के तीसरे सप्ताह तक मानसूनी बारिश सामान्य से अधिक होने की उम्मीद है।
धान को फायदा, पौधरोपण में जल्दी न करें
प्रगतिशील किसान अनिल साहनी का कहना है कि अब तक हुई बारिश धान की फसल के लिए बेहद फायदेमंद है। खासतौर से उस धान के लिए जो खेत में लग चुका है। तिल की लेट बुवाई करने वाले किसान ज्यादा बारिश से मायूस होंगे, क्योंकि अत्याधिक बारिश उनको तिल बोने नहीं देगी। ग्वार की बुवाई में भी अब परेशानी है। हालांकि यह बरेली में कम होता है। खेत में पौधरोपण अथवा आम या अमरूद का बाग लगाने की इच्छा रखने वाले किसानों को भी अभी जल्दबाजी नहीं करने की सलाह है, क्योंकि बरसात देखकर अगर किसी ने अभी बाग लगवा दिया और बारिश के बाद कहीं 10 या 15 दिन चटक धूप पड़ गई तो उसमें अधिकांश पौधे जिंदा नहीं बच पाएंगे। इसलिए किसान खेत में पौधरोपण के लिए अभी इंतजार करें।