बरेली। नगर पंचायत शाही के चेयरमैन के दबंग बेटे ने एक सभासद को बुरी तरह पीटकर जान से मारने की धमकी दी थी। मामले में रिपोर्ट होने के बाद सभासद के साथ भाजपा के स्थानीय नेता भी आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसएसपी दफ्तर आए। यहां एसपी क्राइम ने शाही इंस्पेक्टर को आरोपी का शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए।
भाजपा शाही मंडल के कोषाध्यक्ष और वार्ड नंबर चार नेहरूनगर के सभासद कृष्णपाल बृहस्पतिवार दोपहर नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। ठाकुरद्वारा वार्ड के सभासद नरेश कुमार, सुभाषनगर के अनिल रस्तोगी, गांधीनगर के सभासद के बेटे गुलशन कुमार भी वहां मौजूद थे। कृष्णपाल का आरोप है कि जैसे ही वह नगर पंचायत कार्यालय में घुसे, तभी चेयरमैन रुखसाना तारिक के बेटे अतहर हुसैन ने गालीगलौज करते हुए कई थप्पड़ मार दिए, फिर रिवाल्वर सीने पर रखकर जान से मारने की धमकी दी। कृष्णपाल की तहरीर पर शाही थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। नगर पंचायत कर्मचारी जगदीश ने भी कृष्णपाल पर मारपीट और तमंचा तानने के साथ सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दे दी। इस मामले में भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष वीरपाल मौर्य के साथ कृष्णपाल शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर आए। यहां उन्होंने एसपी क्राइम रमेश भारतीय को बताया कि अतहर हुसैन के खिलाफ पहले से जिले के कई थानों में मामले दर्ज हैं। उस पर गुंडा एक्ट भी लगाया जा चुका है। लिहाजा उसे गिरफ्तार कर उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराया जाए। एसपी क्राइम ने शाही एसओ से पूछा कि इतने गंभीर मामले पहले से दर्ज होने के बाद भी उस पर शस्त्र लाइसेंस कैसे है? इसकी जांच कराएं और लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजें।