बरेली। स्मार्ट होते शहर में अभी बहुत सी चुनौतियां हैं। निगम क्षेत्र में आबादी और मकानों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में सबको बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने की चुनौती भी काफी बड़ी है। वित्त वर्ष 2025-26 में शहर को अर्बन हाट की सौगात मिली। चौकी चौराहे व आदिनाथ चौक का सौंदर्यीकरण आदि कराए गए। शहर को सांस्कृतिक पहचान देने की कोशिश की गई। नगर निगम ने लोगों की सहूलियत के लिए कई परियोजनाएं शुरू की हैं, लेकिन अब तक वे पूरी नहीं हो सकी हैं। स्काई वॉक, संजय कम्युनिटी हॉल परिसर में स्थित सरोवर, फूड प्लाजा आदि परियोजनाएं पूरी हो गई हैं, लेकिन अब तक इनका संचालन शुरू नहीं हो सका है। शासन का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नाथ कॉरिडोर भी अब तक मुकम्मल नहीं हो सका है। नए साल में इनकी सौगात मिलने की उम्मीद है।
-
अर्बन हाट की मिली सौगात, मुख्य चौराहों का हुआ सौंदर्यीकरण
शहर में बीच 174 करोड़ की लागत से बने अर्बन हॉट के संचालन के लिए एजेंसी का चयन हो गया है। इसमें होटल, मॉल, थियेटर आदि की सुविधाएं हैं। शहर की पहचान जरी-जरदोजी, बेंत-बांस के लिए अलग से दुकानें बनाई गई हैं। डेलापीर चौराहे पर आस्था का प्रतीक डमरू, एयरफोर्स के पास त्रिशूल लगाया गया है। चौकी चौराहे सहित शहर की दीवारों व पुलों को भी सुंदर बनाया है।
बेसहारा पशुओं, बंदरों व कुत्तों की धमाचौकड़ी बरकरार
नगर निगम के तमाम प्रयासों के बाद भी शहर में बेसहारा पशुओं, बंदरों व कुत्तों की धमाचौकड़ी बरकरार है। गोवंशीय पशुओं को पकड़ने के लिए निगम हर माह लाखों रुपये खर्च कर रहा है, पर इसका असर नहीं दिख रहा है। प्रधान डाकघर, सुभाषनगर के आसपास बंदरों का तो सीबीगंज इलाके में कुत्तों का आतंक है। संवाद
-
उम्मीद 2026
- करोड़ों रुपये की लागत से पटेल चौक पर बने स्काई वॉक का संचालन शुरू हो सकता है।
- वर्ष 2026 में 256 करोड़ की परियोजना से शहर के 40 वार्डों में 76 हजार घरों को स्वच्छ पानी मुहैया कराने की योजना पर काम चल रहा है। नए साल में इस योजना के पूरी होने के आसार हैं।
- परसाखेड़ा में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का संचालन शुरू हो सकता है।
ये कार्य हैं प्रस्तावित
- वार्ड 17 ग्रेटर ग्रीन पार्क काॅलोनी के गेट संख्या एक से मोनिका डांस एकेडमी होते हुए सोबतीस स्कूल तक 239.35 लाख रुपये से सड़क निर्माण।
- वार्ड 30 स्वालेनगर में सीसी सड़क और इंटरलॉकिंग पटरी का निर्माण 200.24 लाख रुपये से।
- वार्ड 45 व 59 में सड़क व साइड पटरी का निर्माण 283.75 लाख रुपये से।
- वार्ड 59 में सड़क निर्माण 195.53 लाख रुपये से।
- वार्ड 67 में सड़कों व साइड पटरी का निर्माण 228.37 लाख रुपये से।
ये काम जल्द होंगे पूरे
- छोटी बिहार से पीलीभीत रोड तक और आकांक्षा इंन्क्लेव से मुंशीनगर होते हुए सौ फुटा रोड तक सड़क पटरी का निर्माण।
- तुलाशेरपुर मोड़ से बजरंग ढाबे तक दोनों ओर सड़क की साइड पटरी का निर्माण।
- वार्ड नंबर तीन फीनिक्स मॉल रोड से चिक्कर स्कूल, रीजनल काॅलेज, व्यास वर्ल्ड स्कूल होते हुए नहर रोड तक दोनों ओर सड़क की साइड पटरी का निर्माण।
- मॉडल टाउन में कुष्ठ आश्रम रोड होते हुए गंगाशील अस्पताल तक, सेंट फ्रांसिस स्कूल के सामने से गुप्ता चौराहे तक व स्टेडियम रोड पेट्रोल पंप से डेलापीर पेट्रोल पंप तक सड़क निर्माण।
- कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से जीआरएम स्कूल होते हुए कुदेशिया पुल तक और कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से सूद धर्मकांटे तक समेकित विकास कार्य।