मीरगंज/बहेड़ी/रामनगर। झमाझम बारिश से रास्तों पर जलभराव से आवागमन प्रभावित हुआ। मीरगंज में शुक्रवार रात से सिरौली चौराहे से मोहल्ला शिवपुरी तक मुख्य मार्गों और गलियों में पानी भर गया है। नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रियंका ने बताया कि जलभराव की शिकायतें मिली हैं। टीमें लगातार सफाई कर रही हैं। दुनका न्यू पीएचसी परिसर में भी जलभराव हुआ। इससे मरीजों और तीमारदारों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. गजेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि समस्याओं की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। शासन से निर्देश मिलने पर अस्पताल की व्यवस्थाएं बेहतर की जाएंगी। बहेड़ी के नैनीताल रोड और मुख्य बाजार में जलभराव से व्यापारियों को नुकसान हुआ। घरों में भी पानी भर गया है। वहीं, रामनगर में जगह-जगह जलभराव है। पुलिस चौकी, विकासखंड कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले रास्ते पर भी तीन-पांच फुट तक पानी भरा हुआ है। बीडीओ भगवान दास ने बताया कि निचला स्तर होने की वजह से पानी भर गया है। समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराया जाएगा। शीशगढ़ में बरेली बस स्टैंड से बिलासपुर अड्डे तक सड़क पर हुए गड्ढों में पानी भर गया। तहसील मीरगंज के कानूनगो, लेखपाल आदि ने टीम के साथ जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने बंद नालों को खोलकर पानी निकासी का रास्ता बनवाया। नगर पंचायत अध्यक्ष नीलोफर हुसैन ने बताया कि लोगों से अपील की गई है कि वे जर्जर मकानों को छोड़कर रैन बसेरे में रहें।
नहीं लगा साप्ताहिक बाजार
बिशारतगंज में भी जगह-जगह पानी भरने से पुराना बाजार में साप्ताहिक बाजार नहीं लगा। वहीं, जलस्तर बढ़ने पर अरिल नदी पर बने अतरछेड़ी-आंवला मार्ग के डरूआपुर रपटा पुल व हरूनगला रपटा पुल पर यातायात रोक दिया गया है। आंवला के अतुल सिंह एडवोकेट ने बताया कि बारिश से जलभराव होता रहता है। इस बारिश में 25 घरों में पानी भर गया है। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा, तहसीलदार अतुल सेन सिंह, ईओ प्रदीप गिरी ने शनिवार देर शाम निरीक्षण कर प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। एसडीएम ने बताया की बारिश रुकने पर रविवार सुबह पंपिंग सेट से जल निकासी कराई जाएगी। साथ ही सड़क को भी ऊंचा कराने के निर्देश दिए हैं।