बरेली। झमाझम बारिश के बाद शनिवार को पूरे दिन शहर के लोग परेशान रहे। जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के चलते पुराने शहर के कई इलाकों में जलभराव हुआ। कई जगह तो घरों में पानी घुस गया।
मलूकपुर बजरिया, दरगाह आला हजरत मोड़, सौदागरान, बमनपुरी, मलूकपुर जैसे घनी आबादी वाले मोहल्लों में कुछ ही देर की बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सभी मोहल्लों के पानी की निकासी का जरिया टक्कर की पुलिया है, जो कि बेहद संकरी है।
पुलिया संकरी होने के कारण पानी का बहाव रुक जाता है। इसके परिणामस्वरूप सड़कों पर बारिश का पानी इकट्ठा हो जाता है। शहर के सीबीगंज, सुभाषनगर और हजियापुर इलाकों में भी जलभराव हो गया।
सिविल लाइंस में जर्जर सड़क पर भरा पानी
बारिश ने शहर के पॉश कहे जाने वाले इलाकों की बदहाल व्यवस्था को भी सामने ला दिया। सिविल लाइंस में सड़कों की हालत बेहद खराब नजर आई। यहां जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर भर गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर के सामने सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा दयनीय है। यहां जर्जर सड़क और गड्ढों में पानी भर जाने से हादसे का खतरा रहता है। निगम और पीडब्लूडी की ओर से सावन माह में कराए गए पैच वर्क भी बारिश के दौरान उखड़ गए।