बरेली। जाटवपुरा में पानी की सप्लाई बंद है। मोहल्ले के लोगों ने पहले नगर निगम में शिकायत की। यहां सुनवाई नहीं हुई तो स्थानीय लोगों ने सीएम पोर्टल पर शिकायत की। पोर्टल पर जल निगम अधिकारियों ने झूठी रिपोर्ट लगाकर शासन को भेज दी कि पानी की सप्लाई शुरू हो गई है। हालांकि, मोहल्ले के लोगों का कहना है कि पानी अब भी नहीं आ रहा है।
जाटवपुरा के रहने वाले सचिन राय ने बताया कि उन्होंने सीएम पोर्टल पर पानी आपूर्ति को लेकर शिकायत दर्ज की थी। पुरानी पाइप लाइन होने की वजह से रात को दो बजे आता है। इसके बाद चार बजे सुबह तक पानी आना बंद भी हो जाता है। कुछ दिन बाद शासन से शिकायतकर्ता के पास फोन आया तो पता चला कि नगर निगम के जलकल विभाग ने ये रिपोर्ट लगा दी कि पानी आपूर्ति हो रही है। जलकल विभाग एक्सीईएन संजय कुमार का कहना है कि शेड्यूल के हिसाब से वहां पानी की सप्लाई की जा रही है। यदि किसी गली में पानी नहीं जा रहा है तो वहां दिखवाया जाएगा।