फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: दो माह से नहीं आ रहा पानी, महिलाओं ने किया हंगामा

Fri, 31 May 2024 04:05 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। सूफी टोला और कटीकुईंया में पानी की आपूर्ति दो माह से ठप है। इससे गुस्साई महिलाओं ने नगर निगम पहुंचकर हंगामा काटा और अपर नगर आयुक्त का घेराव भी किया। पानी की आपूर्ति बहाल होने तक वहां से हटने से इन्कार कर दिया। इसके बाद अफसरों ने उनको समझा-बुझाकर शांत कराया और आश्वासन देकर घर भेज दिया।
विज्ञापन

वार्ड 78 के सूफी टोला और कटीकुईंया में दो माह से पानी की सप्लाई ठप है। इस मामले में पहले भी महिलाओं ने मालियों की पुलिया पर जाम लगाया था। तब जलकल विभाग ने दूसरी जगह से कनेक्शन कर पानी की आपूर्ति सुचारु करने का आश्वासन दिया था। इसके बाद भी जलापूर्ति ठप है। इसी बात से गुस्साई महिलाएं बुधवार को नगर निगम पहुंच गईं। उन्होंने अपर नगर आयुक्त सुनील यादव का घेराव कर लिया।
20 मिनट तक अपर नगर आयुक्त के कक्ष में महिलाएं हंगामा करती रहीं। इसके बाद अपर नगर आयुक्त ने जलकल विभाग के अधिकारियों को फोन कर जल्द पानी की सप्लाई शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बाद भी महिलाएं वहां से हटने का नाम नहीं ले रही थीं। उनका कहना था कि हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिलता है, लेकिन कोई समाधान नहीं होता।
विज्ञापन

दरअसल, इस मामले में एक वीडियाे सामने आया है। हंगामे के दौरान वीडियो बना रहे दो लोगों पर अपर नगर आयुक्त बिगड़ गए। वह वीडियो में महिलाओं को आश्वासन दे रहे हैं कि पानी आ जाएगा, लेकिन महिलाओं का कहना था कि आ ही जाए। महिलाओं ने कहा कि वे पहले भी आई थीं, लेकिन अधिकारी उठ गए थे। इस पर सुनील यादव कह रहे हैं कि जलकल विभाग जाना चाहिए था। इस पर महिलाओं ने कहा कि अगर वह सुनते तो यहां आते क्या?


गंगापुर के कई इलाकों में गंदा पानी आ रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी इसका समाधान नहीं हुआ। गंगापुर में लोग कपड़े से छानकर इसी गंदे पानी को पी रहे हैं। माधोबाड़ी में सात दिनों से पानी की आपूर्ति ठप है। 12 हजार लोग जल संकट से जूझ रहे हैं।
वार्ड 33 में वनखंडीनाथ मंदिर के पास सात दिनों से जलापूर्ति बंद थी। इससे गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को सड़कों पर उतरकर पानी की टंकी और ट्यूबवेल में तालाबंदी करने और पानी की भीख मांगने की चेतावनी दी थी। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही वहां पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई। प्रेशर भी ठीक रहा। कई लोगों को मोटर चलाने की भी जरूरत नहीं पड़ी।

महिलाएं आई थीं। पानी के संकट के बारे में बताया। जेई और एई को पानी की समस्या दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। - सुनील यादव, अपर नगर आयुक्त


सूफी टोला में टैंकर भी भिजवाए जा रहे हैं। कम प्रेशर की वजह से लोगों को परेशानी हो रही है। गंगापुर और माधोबाड़ी में भी काम चल रहा है। - सौरभ श्रीवास्तव, महाप्रबंधक, जलकल
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें