सीबीगंज। स्पेयर पार्ट्स की दुकान के चौकीदार को बदमाशों ने पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताया जा रहा है कि बदमाश दुकान लूटने के इरादे से आए थे, लेकिन चौकीदार की मुस्तैदी के कारण घटना को अंजाम नहीं दे सके।
सीबीगंज के गांव सनैयारानी निवासी अब्दुल सत्तार आईटीआई के सामने बिधौलिया स्थित स्पेयर पार्ट्स की दुकान पर चौकीदारी करते हैं। शनिवार रात 3.30 बजे वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार बदमाश वहां पहुंचे और अब्दुल सत्तार पर हमला बोल दिया। पिटाई करने के बाद वे जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आशंका जताई जा रही है कि बदमाश दुकान लूटने की नीयत से आए थे। यहां चौकीदार के मौजूद होने के कारण उसकी पिटाई कर दी। चौकीदार का कहना है कि वह बदमाशों को पहचानता नहीं है। घटना के बाद सूचना पर दुकान स्वामी भी मौके पर पहुंच गया। सुबह होते ही अन्य लोग भी आ गए। चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।