बरेली। स्मार्ट सिटी क्षेत्र में कूड़ाघराें को अंडरग्राउंड बनाने की तैयारी चल रही है। नगर निगम ने स्वास्थ्य अनुभाग के साथ बैठक में इसकी प्लानिंग पर चर्चा के बाद प्रोजेक्ट शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है।
स्मार्ट सिटी सीईओ अभिषेक आनंद ने बताया कि शहर को साफ सुथरा बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी के तहत रात में भी सफाई कराई जा रही है। अब खुले कूड़ाघरों को अंडरग्राउंड करने की योजना पर काम किया जा रहा है। ताकि लोगों को गंदगी और बदबू से निजात मिल सके। इसके अलावा घरों से कूड़ा लेने के बाद उसे सीधे प्रोसेसिंग प्लांट में भेजा जाएगा। कई जगह खाली प्लाटों में लोग कूड़ा फेंक रहे हैं। इन पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। प्लॉट में कूड़ा फेंकने वालों से जुर्माना वसूला जाएगा। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए स्वास्थ्य अनुभाग, पर्यावरण और एनजीओ को जिम्मेदारी सौंपी है।