मलबे में दबे युवक को अस्पताल लाए घरवाले, डॉक्टर ने मृत घोषित किया
विज्ञापन
भमोरा। थाना क्षेत्र के गांव बाबू नगला में शुक्रवार सुबह घर के पीछे कच्ची कोठरी गिराने के दौरान लापरवाही मालिक की जान पर भारी पड़ गई। दीवार का मलबा ऊपर गिरने से गृहस्वामी 30 वर्षीय सूरज की मौत हो गई।
पोस्टमाॅर्टम हाउस पर ग्रामीणों ने बताया कि सूरज सुबह घर के पीछे बनी कच्ची कोठरी को गिरा रहे थे। इसी दौरान दूसरी तरफ की दीवार भरभरा कर उन्हीं के ऊपर गिर गई। सूरज उसके नीचे दबकर गंभीर घायल हो गए। थोड़ी देर में ही उनकी मौत हो गई, हालांकि परिजन उन्हें बरेली के निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में लोग रोने लगे। सूरज के परिवार में पत्नी प्रीति, दो बेटे और एक बेटी हैं। मां उर्मिला और पिता राजपाल का रो-रोकर बुरा हाल है। सूरज अपने चार भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। एसडीएम सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि नियमानुसार सरकार द्वारा दी जा रही सहायता राशि जांच के बाद उपलब्ध कराई जाएगी। संवाद