बरेली। लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे की तर्ज पर ही बरेली का सेटेलाइट बस स्टेशन विकसित होगा। बस स्टैंड के ऊपर यात्रियों की सुविधा के लिए शॉपिंग मॉल, रेस्टोरेंट और विश्राम गृह बनेगा। नीचे बसों का संचालन किया जाएगा। पिछले दिनों लखनऊ में हुई निदेशक मंडल की बैठक में इसके लिए हरी झंडी मिल चुकी है।
लखनऊ में सात सितंबर को परिवहन निदेशक मंडल की बैठक हुई थी। इसमें पीपीपी मॉडल पर प्रदेश में 24 बस स्टैंड बनाने पर फैसला हुआ। इनमें बरेली का सेटेलाइट बस स्टैंड भी शामिल है। पीपीपी मॉडल पर सेटेलाइट बस स्टैंड के आधुनिकीकरण के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग सामने आएं, इस पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने नियम और शर्तें सरल बनाने पर भी मंथन किया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पीपीपी मॉडल पर बनने वाला बरेली का सेटेलाइट बस स्टैंड लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे की तर्ज पर बनेगा। इसका खाका लगभग तय हो चुका है। अंतिम मुहर लगनी बाकी है। जल्द ही मुख्यालय स्तर से पीपीपी मॉडल पर इन बस स्टैंडों को बनाने का काम शुरू होगा। क्षेत्रीय प्रबंधक आरके त्रिपाठी ने बताया कि सेटेलाइट बस स्टैंड के ऊपर यात्रियों की सुविधाओं के लिए खास इंतजाम होंगे। खरीददारी के लिए शॉपिंग मॉल बनेगा। खाने-पीने के लिए रेस्टेरेंट और विश्राम गृह भी होगा। नीचे बसों का संचालन किया जाएगा।