बरेली। बकायेदारों पर नगर निगम की कार्रवाई जारी है। ऐसे में विशाल मेगा मार्ट ने 1.04 करोड़ रुपये का बकाया कर जमा करा दिया है। इससे जहां नगर निगम का राजस्व बढ़ा है, वहीं मेगा मार्ट को कार्रवाई से राहत मिली है।
दो माह पहले हुई कार्यकारिणी की बैठक में विशाल मेगा मार्ट की फाइल गायब होने का मामला गूंजा था। पार्षदों ने आरोप लगाया था कि विशाल मेगा मार्ट की टैक्स से जुड़ी मूल फाइल तीन माह पहले गुम हो गई थी, लेकिन आज तक उसकी एफआईआर तक दर्ज नहीं कराई गई। बैठक के दौरान जब नगर आयुक्त ने इस मामले का ब्योरा मांगा तो टैक्स विभाग के अधिकारी और लिपिक कुछ बता नहीं पाए थे। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जाहिर की थी। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी पीके द्विवेदी ने बताया कि विशाल मेगा मार्ट पर काफी समय से टैक्स बकाया था। लगातार नोटिस भेजकर कर जमा करने के लिए कहा जा रहा था। इसके बाद मार्ट के मालिक ने 1.04 करोड़ रुपये की धनराशि चुका दी है।