बसपा ने आखिर नवाबगंज विधान सभा क्षेत्र से वीरेंद्र सिंह गंगवार को प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसका एलान राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कार्यकर्ता सम्मेलन में किया। जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गंगवार पिछले दिनों सपा से इस्तीफा देकर बसपा में शामिल हुए थे।
रामलीला मैदान के पास एक मैदान पर आयोजित बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन में नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा, कांग्रेस और सपा को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अच्छे दिन आने का जुमला दिया था लेकिन भाजपा और सपा जुगलबंदी से प्रदेश में चार सौ दंगे हो चुके हैं। जबकि चार बार सत्ता में रही बसपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। प्रदेश में अराजकता और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में हाथ पैर चलाने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता पहले से ही उसे नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि चुनाव में मुस्लिम ऐसी पार्टी के साथ चले जाते हैं, जिसका अपना कोई वोट बैंक ही नहीं होता है, इसलिए सावधान रहने की जरूरत है।
उलेमा कौंसिलमौलाना फरियाद हुसैन, एमएलसी अतर सिंह राव, मुख्य जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्म स्वरूप सागर, जिलाध्यक्ष नरेंद्र सागर, नरोत्तम गंगवार, मो. परवेज आदि ने विचार रखे। प्रत्याशी घोषित होने पर वीरेंद्र सिंह गंगवार ने आभार जताया। बार एसोसिएशन अध्यक्ष शिशुपाल सिंह गंगवार, पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मी नरायन गंगवार, जिला पंचायत सदस्य शशी कपूर, देवकी नंदन, नत्थू लाल गंगवार समेत कई लोगों ने बसपा में शामिल होने की घोषणा की। वक्ताओं ने बरखन रोड की जर्जर हाल का मुद्दा उठाया। कार्यक्रम में विधायक वीरेंद्र सिंह, सुल्तान बेग, पूर्व विधायक विजय पाल सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अयोध्या प्रसाद गंगवार, जिला प्रभारी सुम्मेर सिंह गौतम, हेतराम सागर, कामेश पांडेय, हरीश सागर आदि मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं से सक्रिय होने को कहा
मंडल कार्यालय पर आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यूपी में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। पार्टी ने रैली कार्यक्रम तय कर दिए हैं, इसलिए कार्यकर्ता अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएं। लखनऊ प्रदर्शन में बरेली की बेहतर भागेदारी पर शाबाशी भी दी। संचालन मुख्य जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्म स्वरूप सागर ने किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष नरेंद्र सागर, संजीव सागर, अजय कुमार, देवेंद्र सिंह, अयोध्या प्रसाद गंगवार, मोंटी शुक्ला, अली अब्बास, जगदीश प्रसाद, राजेंद्र कश्यप, नूर अहमद, सत्यपाल गौतम और सभी अध्यक्ष, प्रत्याशी और विधायक मौजूद रहे।