हत्या के तीन दिन बाद बरेली आकर मिला था वकील से, रिपोर्ट दर्ज न होने से नहीं कर पाया सरेंडर
विज्ञापन
अब सुराग नहीं लगा पा रही पुलिस, ग्वालियर से भी खाली हाथ लौटी
बरेली। शिक्षक अवधेश कुमार की हत्या की आरोपी उनकी पत्नी विनीता और उसके मायके वालों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हाल ही में उनकी तलाश में ग्वालियर गई पुलिस टीम भी खाली हाथ लौट आई है। इस बीच पता चला है कि विनीता का रिटायर फौजी पिता हत्या के कुछ दिन बाद सरेंडर करने बरेली आया था लेकिन उस समय तक इस मामले में रिपोर्ट ही दर्ज नहीं थी लिहाजा वह फिर फरार हो गया।
कर्मचारी नगर में रहने वाले फिरोजाबाद के मूल निवासी शिक्षक अवधेश कुमार की उनकी पत्नी विनीता ने 12 अक्तूबर की रात हिस्ट्रीशीटर शेर सिंह उर्फ चीकू को बुलाकर घर में ही हत्या करा दी थी। इसके बाद गाड़ी में लाश फिरोजाबाद ले जाकर एक खेत में दफन करा दी। इस बीच अवधेश की मां कई दिन तहरीर लेकर चक्कर काटती रहीं मगर इज्जतनगर पुलिस ने गुमशुदगी तक दर्ज नहीं की। एसएसपी की सख्ती पर कई दिन बाद सक्रिय हुई पुलिस ने फिरोजाबाद जाकर अवधेश का शव बरामद किया। तब कहीं थाना इज्जतनगर में विनीता और उसके परिवार वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। चीकू को भी गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन विनीता समेत बाकी आरोपी अब तक फरार हैं।
इस बीच पुलिस की छानबीन में यह जरूर पता चला है कि विनीता का रिटायर फौजी पिता अनिल कुमार हत्या के दो-तीन दिन बाद बरेली आया था। उसने यहां कुछ परिचितों से मुलाकात की। एक वकील से भी मिला और पुलिस की सख्ती से बचने के लिए अदालत में सरेंडर कराने का इंतजाम कराने की बात की। वकील ने इसकी तैयारी शुरू की तो पता चला कि इस मामले में थाने में कोई एफआईआर ही दर्ज नहीं हुई है। इसके बाद अनिल दोबारा फरार हो गया। अब पुलिस को न अनिल का सुराग मिल रहा है न विनीता और उसके परिवार के दूसरे लोगों का।
टूंडला में उपचुनाव, फिरोजाबाद पुलिस को मदद की फुर्सत नहीं
इज्जतनगर पुलिस की एक टीम फिरोजाबाद में आरोपियों को तलाश कर रही है लेकिन दिक्कत यह है कि टूंडला में तीन नवंबर को उपचुनाव होने के कारण पूरे जिले की पुलिस उसकी तैयारी में व्यस्त है जिस वजह से वह इज्जतनगर पुलिस की मदद नहीं कर पा रही है। हिस्ट्रीशीटर चीकू की चार नवंबर को बी वारंट पर सुनवाई है। पुलिस की दूसरी टीम मध्यप्रदेश के ग्वालियर समेत कई शहरों की खाक छान चुकी है लेकिन फरार आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है।
विनीता और उसके परिवार की तलाश में टीम मध्यप्रदेश तक हो आई है मगर आरोपियों का सुराग नहीं मिल पा रहा है। हिस्ट्रीशीटर चीकू को बरेली लाकर सुराग जुटाने की कोशिश की जाएगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी