बरेली से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ऑपरेटिंग डिपार्टमेंट में बतौर ट्रेन कंट्रोलर तैनात जितेंद्र कुमार का फिल्मी करियर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वह कुछ दिन पहले बीमारी का बहाना करके छुट्टी पर गए, लेकिन सोशल साइट पर वायरल हुई तस्वीरों में वह एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग में बतौर ‘विलेन’ व्यस्त नजर आए। इसकी शिकायत डीआरएम डीके सिंह से होने के बाद पूरे मामले की जांच के निर्देश जारी हो गए हैं।
जितेंद्र ने खुद को बीमार बताकर सिक लीव ली थी। कार्यालय में बताया गया कि वह घर पर आराम कर रहे हैं। इस दौरान कार्यालय के उनके साथियों को सोशल मीडिया के जरिये कुछ ऐसी तस्वीर मिलीं, जिनमें वह गाने की रिकार्डिंग कराते हुए नजर आए।
मामला उस वक्त और तूल पकड़ गया, जब सात दिन की सिक लीव खत्म होने के बाद भी वह ड्यूटी पर नहीं लौटे। इस मामले की शिकायत होने के बाद डीआरएम ने जांच के निर्देश जारी किए हैं।