बिशारतगंज। थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदगंज के ग्रामीणों ने गांव में बिना अनुमति मदरसे का निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए एसडीएम आंवला से शिकायत की है। एसडीएम ने कानूनगो, लेखपाल के साथ बिशारतगंज थाना प्रभारी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। इधर, पुलिस ने निर्माण कराने के आरोपी तारिक खां का शांति भंग में चालान कर दिया।
सोमवार को गांव मोहम्मदगंज निवासी रामचंद्र, कृष्णपाल, राकेश, हरपाल, ठाकुरदास, तुलाराम, चंद्रपाल, गुलाबी, ओमप्रकाश, टीकाराम, तेजपाल, हेतराम, जय सिंह एवं रामधुन सहित करीब 30 ग्रामीणों ने एसडीएम आंवला विदुषी सिंह के समक्ष पेश होकर शिकायत की। शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उनके गांव में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिना अनुमति अवैध रूप से मदरसे का निर्माण कर लिया।। आरोप है कि जो निर्माण कराया गया है उसको मकान बनाने की बात कह कर तैयार कराया गया है।
शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने गांव के एक ग्रामीण पर लोगों को धमकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने धमकाने के आरोपी में तारिक खां को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर एसडीएम आंवला न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जमानत दे दी गई। संवाद