हाफिजगंज। सिथरा गांव में रहने वाले ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसके भतीजे ने गांव के एक व्यक्ति पर शराब पिलाकर मारने का आरोप लगाते हुए हाफिजगंज थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इलाके के गांव सिथरा में रहने वाले अवधेश कुमार के मुताबिक उसके 48 वर्षीय चाचा सुरेश चंद्र की शादी नहीं हुई थी। वह उनके साथ ही रहते थे। बीस दिन पहले वह हरिद्वार से लौटे थे। इसके बाद से गांव के उमाकंत के साथ रहने लगे। उमकांत ने बहलाकर उनसे एक बीघा जमीन अपने नाम करा ली। इसके बाद वह शराब पिलाता रहता था और खाने को कुछ नहीं देता था।
शनिवार रात उनकी मौत हो गई। इस पर वह किसी को बताए बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर रहा था। जानकारी होने पर उसने रोका तो झगड़े पर उतारू हो गया। अवधेश की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हाफिजगंज इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद