दुनका। विकास खंड शेरगढ़ की ग्राम पंचायत गनेशपुर में 11 जनवरी को चारा लेकर आ रहे व्यक्ति को सांड़ ने पटक दिया, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। सांड़ के पटकने से अधेड़ की मौत पर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की है।
पीड़ित प्रेमपाल ने बताया कि उसके चाचा 60 वर्षीय रामपाल 11 जनवरी को खेत से बरसीम काटकर सिर पर रखकर ला रहे थे। अचानक पीछे से एक सांड़ ने उन्हें सींगों पर उठाकर दो बार पटका, जिससे उनका सिर फट गया। वह मौके पर ही घायल होते ही बेहोश हो गए। आसपास के लोगों ने सांड़ को लाठी-डंडे लेकर दौड़ाया नहीं तो वह मौके पर ही मार देता।
घायल रामपाल को उनके भतीजे प्रेमपाल नेशनल हाईवे स्थित एक मेडिकल कॉलेज में इलाज के लिए ले गये, जहां उनकी इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रेमपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी नही हुई थी। सांड के हमले से हुई मौत के कारण ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने मांग की है कि ऐसे छुट्टा पशुओं को पकड़वाकर गोशालाओं में भिजवाया जाए। संवाद