सार
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को प्रेमनगर स्थित विजय मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा गया। कोर्ट आयुक्त और पुलिस टीम ने फेसफाइन क्रीम का स्टॉक, पैकेजिंग और दस्तावेज जब्त किए। यह कार्रवाई ल्यूक्रॉस फार्मा की शिकायत पर हुई।
मेडिकल एजेंसी से बरामद हुई डुप्लीकेट क्रीम
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को कोर्ट कमिश्नर और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बरेली के प्रेमनगर स्थित विजय मेडिकल एजेंसी पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने फेसफाइन क्रीम का बड़ा स्टॉक, पैकेजिंग सामग्री और दस्तावेज जब्त किए। गोदाम और परिसर की जांच कर सामान को सील कर दिया गया। ब्रांडेड कॉस्मेटिक उत्पाद की नकल बनाने के आरोप में ल्यूक्रॉस फार्मा की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
कंपनी का आरोप है कि विजय मेडिकल एजेंसी के संचालक जतिन अहूजा उसकी लोकप्रिय फाइनफेस क्रीम के नाम, पैकेजिंग और ट्रेडमार्क से मिलती-जुलती फेसफाइन क्रीम बनाकर बाजार में बेच रहे थे। शिकायत के अनुसार, उत्पाद की पैकिंग और कलर कॉम्बिनेशन भी मूल ब्रांड से काफी हद तक मेल खाते थे। इससे उपभोक्ताओं के भ्रमित होने और ट्रेडमार्क उल्लंघन की आशंका थी।
दिल्ली हाईकोर्ट में पेश करेंगे जांच रिपोर्ट
मामले की सुनवाई के दौरान दिल्ली हाईकोर्ट ने कोर्ट कमिश्नर नियुक्त करते हुए बरेली के 143-बी, प्रेमनगर स्थित विजय मेडिकल एजेंसी पर छापा मारने के निर्देश दिए। शुक्रवार को कोर्ट कमिश्नर की निगरानी में पुलिस टीम ने परिसर की तलाशी ली। बताया गया कि कोर्ट कमिश्नर इस कार्रवाई की रिपोर्ट दिल्ली हाईकोर्ट में प्रस्तुत करेंगे। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फाइनफेस के अधिष्ठाता अमित वर्मा ने बताया कि उनकी कंपनी मेरठ में है। बरेली में उनके स्टॉकिस्ट 10 साल से काम कर रहे थे। पिछले एक साल से वह फेसफाइन के नाम से कंपनी बनाकर उपभोक्ताओं को धोखा दे रहा है। दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।