प्रधानमंत्री भले ही जनप्रतिनिधियों से एक गांव गोद लेकर उसे आदर्श गांव के रूप में विकसित करने की अपील कर चुके हैं लेकिन माननीय खुद अपनी निधि से स्वीकृत कामों के प्रति जागरूक नहीं है। चालू वर्ष में नौ विधायक और एक एमएलसी की निधि से स्वीकृत 96 काम शुरू तक नहीं हो पाए हैं। दो साल पुरानी विधायक निधियों से स्वीकृत ढाई सौ से ज्यादा काम अधूरे पड़े हैं।
वित्तीय वर्ष 2014-15 में नौ विधायकों और एक एमएलसी की निधि से 578.64 करोड़ के काम स्वीकृत किए गए। इनमें 96 काम तो आठ माह बीतने के बाद भी शुरू नहीं हो पाए हैं। वित्तीय वर्ष समाप्त होने में चार महीने से भी कम समय बचा है। ऐसे में विधायक निधि के महज आठ काम ही पूरे कर पाना अफसरों और कार्यदायी संस्था की लापरवाही उजागर करता है। हालांकि डीआरडीए की फाइलों में 68 कामों को प्रगति पर दिखाया गया है, मगर हकीकत में इन कामों की प्रगति भी न के बराबर है। विधायक निधि से स्वीकृत सड़क, खड़ंजा, श्मशान, बारातघर निर्माण आदि के अधिकांश काम आरईएस के पास हैं। कार्यदायी संस्था आरईएस विधायक निधि के दो साल पुराने सड़क, श्मशान, बारातघर, द्वार निर्माण और बिजली की लाइनें बिछाने संबंधी दो सौ से ज्यादा काम भी अभी पूरे नहीं कर पाई है। चालू वर्ष में विधायक अपनी निधि की डेढ़ करोड़ से ज्यादा की रकम स्कूलों में बिल्डिंग निर्माण और फर्नीचर खरीद के नाम पर आवंटित कर चुके हैं। यही रकम खर्च में दर्शायी गई है।
विधायकों के कामों और आवंटित रकम की स्थिति (रकम लाख में)
विधायक का नाम स्वीकृत काम स्वीकृत बजट व्यय अनारंभ काम
धर्मपाल सिंह (आंवला) 03 8.50 7.0 01
ऋषिपाल सिंह (एमएलसी) 03 15.0 6.0 01
केसर सिंह (एमएलसी) 20 92.45 42.7 18
राजेश अग्रवाल (कैंट) 17 63.62 3.0 16
शहजिल इस्लाम (भोजीपुरा) 15 71.87 41.3 02
सुल्तान बेग (मीरगंज) 25 132.52 82.97 24
सियाराम सागर (फरीदपुर) 16 79.46 7.5 16
डा. अरुण कुमार (शहर) 03 11.27 3.05 03
वीरेंद्र सिंह (बिथरी चैनपुर) 01 19.05 शून्य 01
अताउर रहमान (बहेड़ी) 14 84.87 1.6 14
कुल 117 578.64 173.54 96