फेसबुक पर एक दरोगा की पत्नी की अश्लील तस्वीर पोस्ट करने के आरोपी को छुड़ाने के लिए भाजपाइयों के किला थाने पहुंचने के बाद वहां जो कुछ हुआ, उसका एक वीडियो वायरल हो गया है। इसमें भाजपाई आरोपी की पैरवी करते दिख रहे हैं। किला थाने में मुंशी के कमरे में गहमा-गहमी के बीच एक सिपाही जब अपने मोबाइल से वीडियो बना रहा होता है तो एक भाजपा नेता उससे मोबाइल छीन लेता है। इसके बाद भाजपाइयों और पुलिसकर्मियों में के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो जाती है। दरवाजे का शीशा टूट जाता है। सभी एक-दूसरे को खींचते हुए बाहर निकलते हैं। किला थाने के प्रभारी कमलकांत वर्मा सभी को शांत करते नजर आते हैं। इसी बीच भाजपाई और होमगार्ड के बीच मारपीट शुरू हो जाती है।
इतना सब कुछ होने के बाद भाजपा के महानगर महामंत्री मोहित कपूर की सूचना पर महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया दर्जनों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ किला थाने पहुंचे थे। इन लोगों ने गढ़ी चौकी प्रभारी मनोज मिश्रा को सस्पेंड करने की मांग को लेकर थाने में जमकर हंगामा किया। एसपी सिटी रोहित सिंह और सीओ द्वितीय अशोक कुमार मीना थाने में भाजपाइयों को समझाते रहे, लेकिन वे दरोगा को सस्पेंड करने की जिद पर अड़े रहे। अधिकारियों ने मौखिक आश्वासन दिया कि वह दरोगा को हटा देंगे, लेकिन भाजपाई नहीं माने और थाने में धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कुछ भाजपाइयों ने तो पुलिस वालों की गाड़ियों से पेट्रोल निकालकर आत्मदाह करने तक की धमकी दे डाली। भाजपाइयों के दबाव में एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने रात करीब तीन बजे गढ़ी चौकी प्रभारी मनोज मिश्रा को लाइन हाजिर कर दिया। इसके बाद मामला शांत हो सका।
थाने के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी साक्ष्य
एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने किला थाना प्रभारी कमलकांत वर्मा को पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। वीडियो के अलावा थाने के दफ्तर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी निकलवाई जा रही है। इसे पुलिस साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल करेगी। रविवार को किला थाने के प्रभारी ने आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, थाने में तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की रिपोर्ट तैयार कर ली। इसे अब एसएसपी को भेजा जाएगा।
मुझे एसएसपी ने पूरा मामला ब्रीफ किया है। थाने में अपनी बात मनवाने के लिए हंगामा करने की आवश्यकता नहीं थी। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। पुलिस साक्ष्य इकट्ठे कर रही है। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
- प्रेमप्रकाश, एडीजी बरेली जोन
किला थाने का प्रकरण जानकारी में आने के बाद एसएसपी से रिपोर्ट तलब की है। थाने के अंदर तोड़फोड़. धक्का-मुक्की करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाने की जीडी में पूरे घटनाक्रम का तस्करा डालने के लिए भी कहा गया है। थाने से आरोपी को छुड़ाने की कोशिश करना ठीक नहीं है।
- ध्रुवकांत ठाकुर, आईजी बरेली रेंज