फतेहगंज पूर्वी। गांव शाहपुर बनियान निवासी अखिलेश ने बैंक से तीन लाख रुपये का ऋण लिया। लेकिन, उसके खाते से साइबरों ठगों ने तीन बार में 95 हजार रुपये उड़ा दिए। जानकारी होने पर पीड़ित ने बैंक में शिकायत कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, अखिलेश ने बताया कि उसका फतेहगंज पूर्वी की बैंक ऑफ बड़ौदा में खाता है। अखिलेश ने बरेली की एक निजी बैंक से तीन लाख रुपये का ऋण कराया था। उसके बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में 13 दिसंबर को राशि भेजी गई, जिसमें से उसने कुछ रुपये निकाल लिए। 15 दिसंबर की रात में कई बार में रुपये निकाल लिए गए। फोन पर मेसेज मिलने पर पीड़ित हैरान रह गया। पीड़ित ने बैंक में शिकायत दर्ज कराकर पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। संवाद
बिल जमा कराने का झांसा देकर 43 हजार हड़पे
नवाबगंज। बिजली का बिल जमा कराने के नाम पर मीटर रीडर ने ग्रामीण से 43 हजार रुपये हड़प लिए। जब ग्रामीण का बिल जमा नही हुआ तो उसने अपने रुपये की मांग की। इससे नाराज मीटर रीडर ने गाली देकर भगा दिया। इससे परेशान ग्रामीण ने थाना नवाबगंज में तहरीर दी है।
पुलिस के अनुसार, इनायतपुर गांव के महेंद्रपाल ने दी तहरीर में बताया कि नगर के मोहल्ला चाणक्यपुरी निवासी एक मीटर रीडर उनके मकान पर बिजली का बिल निकालने आता है। उसने मीटर रीडिंग की चेकिंग के दौरान उससे बताया कि उसके बिल बकाया है। उसने बिल जमा कराने के नाम पर उससे 43 हजार रुपये ले लिए। उसके बाद उसके रुपये जमा नहीं किए। पीड़ित ने बताया कि अब उसका बिजली का बिल 53 हजार रुपये दिख रहा है। कोतवाल अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद