बरेली। चोरी के आरोपी ईट पजाया निवासी वसीम उर्फ गंठी को डीएम ने जिला बदर घोषित कर दिया। बारादरी थाना पुलिस ने उसे पीलीभीत जिले की सीमा में छोड़ दिया। उसे छह महीने तक बरेली न आने की चेतावनी दी गई।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि ईट पजाया चौराहे के पास रहने वाले वसीम उर्फ गंठी के खिलाफ 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से अधिकांश बारादरी थाने में हैं और कुछ प्रेमनगर, कोतवाली व भमोरा थाने में भी लिखे गए हैं। पीलीभीत से भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। अधिकांश मामले चोरी, मादक पदार्थ तस्करी व आर्म्स एक्ट के हैं। गुंडा एक्ट के तहत गंठी पर कार्रवाई की गई थी। इसके बाद जिला मजिस्ट्रेट के यहां से उसे जिला बदर करने का आदेश पारित किया गया।
इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ मंगलवार को गंठी को लेकर पीलीभीत सीमा में पहुंचे। वहां उन्होंने माइक से डीएम का आदेश पढ़कर सुनाया। गंठी को आदेश की प्रति देकर चेतावनी दी गई कि छह महीने तक जिले की सीमा में न आए, वर्ना उसके खिलाफ अलग से कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो