फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एक लाख के इनामी स्मैक तस्कर भोला के घर पर पुलिस ने चलवाई जेसीबी

Wed, 22 Jul 2020 01:55 AM IST
बरेली ब्यूरो अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन
घर छोड़़कर भागे आरोपी के घरवाले। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

एसपी देहात की अगुवाई में पहुंची पुलिस-पीएसी, दहशत से गांव में मची भगदड़
विज्ञापन

मीडिया वालों के पहुंचने के बाद रुका अभियान, एक हिस्सा गिराने के बाद लौट गए

फरीदपुर। कानपुर के बिकरू कांड की तर्ज पर एक लाख के ईनामी स्मैक तस्कर के घर का कुछ हिस्सा बरेली पुलिस ने ढहा दिया है। तीन थानों की पुलिस और पीएसी को लेकर पहुंचे पुलिस अफसरों ने दबिश में भोला के नहीं मिलने के बाद घर को ढहा दिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान मीडिया के पहुंचने पर पुलिस टीम भोला के घर का कुछ हिस्सा ढहाकर ही लौट आई। पुलिस की इस कार्रवाई से आसपास भगदड़ का माहौल रहा। आरोपी की मां ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं अफसरों ने मकान ढहाने की बात से इंकार करते हुए कहा है कि स्मैक तस्कर के चकरोड पर बने मकान का कुछ हिस्सा ग्रामीणों ने ढहा दिया है।
विज्ञापन

फतेहगज पूर्वी के गांव बेहरा निवासी तैमूर ऊर्फ भोला पर फिलहाल पुलिस ने एक के बाद एक तीन रिपोर्ट दर्ज की हैं। इसमें एक मामला पुलिस पर फायरिंग कर भागने का है जबकि पुलिस ने अलग-अलग घटनाओं में उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का आरोप है कि भोला स्मैक तस्कर है और दिल्ली में इस पर पांच मामले दर्ज होने के बाद एक लाख का ईनाम घोषित है। जिले में बदमाशों में यह टॉप टेन लिस्ट में शामिल है। बताते हैं कि सर्किल के तीन थानों की पुलिस, पीएसी तथा दो जेसीबी लेकर एसपी देहात के नेतृत्व में टीम गांव बेहरा पहुंची। भोला के घर दबिश दी। पुलिस को भोला के दो मकान मिले जिनमें से एक मकान में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए थे। पुलिस ने उनको भी तोड दिया। पुलिस ने दूसरे घर में दबिश दी लेकिन वह बाहर से बंद था। पुलिस ने जेसीबी से मकान के कुछ हिस्से को ध्वस्त कर दिया। पुलिस का कहना था कि भोला ने कुछ समय में ही काफी बेनामी संपत्ति अर्जित कर ली है। करोड़ों के मकान बना लिए हैं। आखिर इतना रूपया कहां से लाया जा रहा है, पुलिस इसकी जांच कर रही है। उसका मकान ग्राम समाज के चकरोड को दबाकर बना लिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत मकान को लेकर भी है। करीब सौ पुलिसकर्मी जब दबिश देने पहुंचे तो गांव में हड़कंप मच गया। अधिकांश पुरुष गांव छोड़कर भाग गए। दबिश देने गई टीम का नेतृत्व एसपी देहात संसार सिंह कर रहे थे तो साथ में सीओ नागेंद्र यादव, प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह भी थे। पुलिस की ऐसी कार्रवाई बेहरा गांव में पहली बार हुई है। जबकि बेहरा गांव स्मैक का अंतर्राष्ट्रीय गढ माना जाता है।

भोला की मां ने ट्रेनी आईपीएस पर लगाए गंभीर आरोप

भोला की मां जहीना बेगम ने 11 मई को एसएसपी दफ्तर में एक शिकायती पत्र दिया था। बताते हैं कि इसमें आरोप था कि 29 अप्रैल को एक ट्रेनी आईपीएस और एसएसआई ने उसके घर दबिश दी। घर में रखा पचास तोला सोना और तीन लाख रुपये ले गए। इस बात का प्रमाण भोला की मां सीसीटीवी फुटेज को बता रही है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की जिसकी जांच सीओ फरीदपुर कर रहे थे। जब सीओ ने आरोप झूठे बताए तो जहीना बेगम ने पोर्टल पर शिकायत की और इस बार सीओ फरीदपुर को भी निशाना बना लिया। उसका कहना था कि फोटो झूठ नहीं बोलते हैं और सीओ ने जांच सही नहीं की है। इसलिए भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई हो। जहीना का कहना है कि उसके शिकायत करने के बाद उसके दो बेटों पर पुलिस ने तीन मामले दर्ज कर लिए हैं। तोड़फोड़ की कार्रवाई भी दबाव बनाने को की जा रही है।

पुलिस दबिश देने भोला के घर गई थी। ग्रामीणों ने शिकायत की कि भोला ने एक मकान चकरोड पर बना लिया है। पुलिस इस मामले की जांच कराएगी। पुलिस ने कोई तोड़फोड़ नहीं की है, हो सकता है कि गुस्से में ग्रामीणों ने कुछ किया हो। - संसार सिंह, एसपी देहात

कुछ समय में ही भोला ने करोड़ों की बेनामी संपत्ति बना ली है। सैकड़ों बीघा भूमि खरीद ली है। आलीशान मकान बनाया है। दिल्ली पुलिस से वह एक लाख का इनामी और बरेली जिले में टॉप टेन का अभियुक्त है। उसकी संपत्ति की जांच करवाई जाएगी। इस संपत्ति को पुलिस प्रशासन कब्जे में लेगा। - धनंजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक,फरीदपुर

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें