बरेली। एसएसपी अनुराग आर्य ने दैनिक अपराध, जनसुनवाई एवं प्रचलित अभियानों के संबंध में ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। एसएसपी ने गोकशी में संलिप्त अपराधियों का सत्यापन कर कार्रवाई करने और अपराधियों का डाटा यक्ष एप पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि नकबजनी, चोरी, वाहन चोरी और लूट करने वाले अपराधियों का डाटा भी यक्ष एप पर अपलोड किया जाएगा। महत्वपूर्ण घटनाओं की सूचना भी सीओ के पर्यवेक्षण में यक्ष एप पर फीड की जाएगी। एसएसपी ने महर्षि कश्यप व डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर पुलिस ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। 90 दिन से अधिक लंबित विवेचनाओं को सीओ के पर्यवेक्षण में निस्तारित करने के लिए कहा।
एसएसपी ने ध्वनि विस्तारक यंत्र और मॉडिफाइड साइलेंसर पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। जनसुनवाई डेस्क पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण समय पर करने के लिए कहा। इसके अलावा ई-समन वाले प्रकरणों को निस्तारित करने और एनडीपीएस के तहत जब्त माल नष्ट करने के लिए निर्देश दिए। बैठक में सभी एएसपी, सीओ, इंसपेक्टर और एलआईयू सीओ ने भाग लिया।