कोहरे ने अपनी दस्तक के साथ ही रेलवे के सारे इंतजाम फेल कर दिए। कोहरे ने आने के साथ ही रेलवे प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए। रविवार की रात आए कोहरे में 18 गाड़ियां लेट हो गईं। इसमें दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनें सर्वाधिक प्रभावित रहीं।
मौसम में ठंडक के साथ ही कोहरा बढ़ने लगा है। दिल्ली में छाई धुंध और कोहरे ने गाड़ियों के संचालन को बुरी तरह प्रभावित किया है। रविवार की रात और सुबह में मंडल में कई स्टेशनों पर कोहरा रिकार्ड किया गया। इस कोहरे में 18 ट्रेनें लेट हो गईं। जबकि अभी कोहरा हल्का ही है। कोहरे के कारण रविवार को ही मंडल में चलने वाली 13 जोड़ी गाड़ियों को कैंसिल किया गया था। सोमवार को ट्रेनों एक से लेकर तीन घंटे तक देरी से गुजरीं। लेट होने वाली गाड़ियों में पंजाब मेल, जननायक एक्सप्रेस, गंगा सतलुज एक्सप्रेस, अर्चना, राज्यरानी, शताब्दी एक्सप्रेस, हिमाचल एक्सप्रेस, स्यालदाह एक्सप्रेस, अवध आसाम, नौचंदी एक्सप्रेस आदि गाड़ियां शामिल रहीं।