बरेली। त्योहारी सीजन में वाहन बाजार खूब चमका। कुल 20,506 दो पहिया और चार पहिया वाहनों की इस दौरान बिक्री हुई। अब व्यापारियों को सहालग सीजन से उम्मीदें हैं।पूछताछ और खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग आ रहे हैं।
केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन से पहले ही जीएसटी की दरों में कमी की। इसका लोगों ने जमकर लाभ उठाया। कारोबारियों के अनुसार पांच लाख वाली कार में औसतन करीब एक लाख रुपये तक की कमी आई। इसका फायदा उठाते हुए लोगों ने जमकर खरीदारी की।
कीमतें कम होने के चलते ग्राहकों ने छोटी कार की जगह एक्सयूवी खूब पसंद की। यही वजह है कि 10 से 15 लाख रुपये के बीच वाली कारों की बिक्री सबसे ज्यादा हुई।एजेंसी संचालक अल्पित अग्रवाल ने बताया कि त्योहारी सीजन में ऑटोमोबाइल सेगमेंट में अच्छा काम हुआ है। अब सहालग का सीजन शुरू हो गया है, इसमें भी वाहनों की बुकिंग हो रही हैं।
एजेंसी संचालक अनिल अग्रवाल ने बताया कि सहालग में एक्सयूवी कारों की मांग ज्यादा है, कई पर वेटिंग भी चल रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में काम अच्छा रहेगा। संवाद