कारों पर मिल रही 25 हजार से 1.50 लाख रुपये तक की छूट
बरेली। बीतते साल के साथ ऑटोमोबाइल सेक्टर ने तेजी पकड़ ली है। कारोबारियों के मुताबिक, त्योहारी सीजन के मुकाबले दिसंबर में वाहनों की बिक्री बढ़ गई है। कंपनियों की ओर से दी जा रही छूट व अन्य ऑफर ग्राहकों को लुभा रहे हैं। एक से 14 जनवरी 2026 तक जिले में करीब 500 कारों की डिलीवरी होनी है।
कार कारोबारी अनिल अग्रवाल ने बताया कि अक्षय तृतीया, वासंति और शारदीय नवरात्र, धनतेरस, दिवाली के सापेक्ष दिसंबर में वाहनों की बिक्री करीब 20 फीसदी ज्यादा है। वाहनों पर 25 हजार से लेकर 1.50 लाख रुपये तक की छूट दी जा रही है। दिसंबर के शुरुआती दिनों में ग्राहक कार की कोटेशन लेने आए और बुकिंग कराई। कंपनियों ने 10 दिसंबर के बाद कारों पर ऑफर की घोषणा कर दी। किसी-किसी मॉडल की एसेसरीज पर भी डिस्काउंट है। इससे ग्राहक कार व बाइक खरीदने के लिए मॉडल-ईयर नहीं, ऑफर पर जोर दे रहे हैं। कंपनियां भी वर्ष 2025 के बने वाहनों की बिक्री करना चाहती है, ताकि नए साल में कारों की बिक्री में कोई अड़चन न रहे। वाहनों पर जीएसटी कम का फायदा भी ग्राहकों को मिल रहा हैं।
अभी मौका, नए साल में खत्म हो जाएंगे ऑफर
वाहन कारोबारी अल्पित अग्रवाल ने बताया कि मॉडल ईयर 2025 की बिक्री के लिए अब कुछ दिन शेष हैं। ऐसे में कंपनियों के साथ डीलर भी पुराने मॉडल को निकालने लिए अपनी ओर से भी रियायत दे रहे हैं। एक जनवरी यानी अगले वर्ष से इन्हीं खूबियों की कार का नया मॉडल लॉन्च होगा। ऑफर भी खत्म हो जाएंगे। लिहाजा, ग्राहक इस मौके को भुनाने के लिए शोरूम पहुंचकर वाहन खरीद रहे हैं। इससे वाहनों के पंजीकरण में भी वृद्धि हुई है। संवाद
कंपनियों की ओर से दी जा रही छूट
कंपनी छूट
मारुति 25,000 से 60,000
हुंडई 30,000 से 1,00,000
महिंद्रा 50,000 से 1,50,000
टोयटा 40,000 से 80,000
नोट : छूट रुपये में। मॉडल के अनुसार छूट कम या ज्यादा हो सकती है।