बरेली। छूटे हुए पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने में शासन ने जिलेवार रैंकिंग जारी की है। प्रदेश के 75 जिलों में बरेली दूसरे जबकि पीलीभीत 73वें पायदान पर दर्ज हुआ है। मंडल के बदायूं जिले की 13वीं, शाहजहांपुर की 49वीं रैंक है। लखीमपुर खीरी 15वें स्थान पर है।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह के मुताबिक, मुख्य सचिव के निर्देश पर छूटे हुए पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए 25 नवंबर से 25 दिसंबर तक विशेष मुहिम चलाई गई। यह सुनिश्चित करना था कि पात्र परिवारों के वंचित सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाए, ताकि कोई भी लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।
मुहिम में 70 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों का आयुष्मान वय वंदना कार्ड भी बनाया गया। आयुष्मान कार्ड बनाने का नियमित डाटा स्टेट हेल्थ एजेंसी को भेजा गया, ताकि रिपोर्ट समय से अपडेट हो सके।
छूटे लोगों का रिकॉर्ड भी सभी टीमों को दे दिया गया ताकि परिवार के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बन सकें। इसमें स्वास्थ्य विभाग समेत नगर विकास, पंचायतीराज, ग्राम विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, खाद्य एवं रसद, चिकित्सा शिक्षा, सूचना विभाग शामिल रहे। ब्यूरो