मानसून की बारिश का असर सब्जियों की कीमतों पर दिखने लगा है। बरेली में बीते 15 दिन में सब्जियों के दाम कई गुना तक बढ़ गए हैं। टमाटर, नीबू, प्याज, मिर्च, धनिया अधिक महंगा हो गया है। सब्जियां महंगी होने के कारण आम जनता की जेब ढीली हो रही है। रसोई का बजट भी गड़बड़ा गया है।
एक महीने पहले तक 20 किलो बिका टमाटर अब फुटकर में 100 से 120 रुपये प्रति किलो मिल रहा है। प्याज के दाम भी दोगुने हो गए हैं। वहीं लौकी और तुरई भी काफी महंगी हुई है। सब्जी विक्रेता गुड्डू ने बताया कि सब्जियों के कीमतों में अभी और उछाल आ सकता है। महंगाई के चलते ग्राहक सीमित मात्रा में ही खरीददारी कर रहे हैं।
व्यापारी बताते हैं कि उत्तर भारत समेत कई जगह मानसून सक्रिय होने के कारण लगातार बारिश हो रही है। जिस कारण लौकी, तुरई, टमाटर को नुकसान हुआ है। कई जगह खेत पानी में डूब गए हैं। जिस वजह से मंडी में सब्जी की आवक कम होने के साथ ही दाम में भी बढ़ोतरी हुई है।