बरेली। नाथ कॉरिडोर की तर्ज पर अब कैंट इलाके के चौराहों का भी सौंदर्यीकरण होगा। चार प्रमुख चौराहों पर वीणा, त्रिशूल, फौजी और अशोक की लाट के प्रतीक चिह्न लगाए जाएंगे। इस पर करीब दस लाख रुपये खर्च का अनुमान है।
धोपेश्वरनाथ मंदिर जाने वाली सड़क पर सदर बाजार स्थित धोपा चौक पर त्रिशूल बनाया गया है। सदर बाजार स्थित युगवीणा लाइब्रेरी और साई स्टेडियम के पास वाले चौराहे पर वीणा बनाई गई है। यह ज्ञान की देवी सरस्वती की पहचान है। बीआई बाजार से सदर बाजार जाने वाली सड़क पर सैनिकों की प्रतिमा स्थापित की गई है। बदायूं रोड से जंक्शन की ओर मोड़ पर बनी अशोक की लाट छावनी का प्रतिनिधित्व करेगी।
कैंट बोर्ड के अवर अभियंता मनोज यादव के मुताबिक, सीईओ डॉ. तनु जैन के मार्गदर्शन में चौराहों का सौंदर्यीकरण हो रहा है। इसमें करीब दस लाख रुपये का बजट खर्च होगा। प्रतीक रख दिए गए हैं। सौंदर्यीकरण के अन्य कार्य होंगे। इसी माह उद्घाटन भी प्रस्तावित है। ब्यूरो